डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई : CM केजरीवाल

Summary :

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर शहर में स्वास्थ्य कर्मियों से दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने की बृहस्पतिवार को चेतावनी दी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरूवार को ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में सफदरजंद अस्पताल में कार्यरत दो महिला डॉक्टरों पर गौतम नगर में हुए कथित हमले का जिक्र करते हुए कहा कि मैं उन लोगों को चेतावनी देना चाहता हूं जो डॉक्टर या नर्स के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। हम स्वास्थ्यकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के अपराधों के संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।’’ 

कोरोना वायरस : स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- देश में आवश्यक उपकरणों का स्टॉक मौजूद, PPE और वेंटिलेटर की खरीद शुरु

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में 21 इलाकों की पहचान ऐसे क्षेत्र के रूप में की गई है, जहां संक्रमण के ज्यादा मामले दर्ज किये गये हैं। लोगों को इन इलाकों में प्रवेश करने या बाहर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। 
मुख्यमंत्री के मुताबिक दिल्ली सरकार शहर में 71 लाख लोगों को मुफ्त राशन दे रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम समझ रहे हैं कि लोग समस्याओं का सामना कर रहे हैं लेकिन अधिकारियों द्वारा उठाये गये कदम वायरस को फैलने से रोकने के लिये जरूरी हैं। ’’

Desk Team