दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा और प्रदेश इकाई के लिये चुनाव अभियान समिति के प्रमुख बनाये गये कीर्ति आजाद ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से शिष्टाचार भेंट की। आजाद ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर यह जानकारी दी।
सोनिया गांधी के अनुमोदन पर ही बुधवार को चोपड़ा और आजाद को दिल्ली में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश इकाई की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी।
आजाद ने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया जी से मुलाकात कर उनसे आशीर्वाद लेकर उन्हें दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिये विधानसभा की 70 सीटों पर चुनाव में एड़ी चोटी का जोर लगाने का वादा किया।’’ उल्लेखनीय है कि जुलाई में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित के निधन के बाद से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद रिक्त था।