नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा उम्मीदवारों सुशील गुप्ता एवं एनडी गुप्ता के नामों को लेकर मचे बवाल के बाद अब उनकी संपत्ति को लेकर आंकड़ा सामने आया है। आप के तीनों राज्यसभा उम्मीदवारों द्वारा नामांकन के दौरान दाखिल किये गये शपथ-पत्र के अनुसार सुशील गुप्ता की कुल संपत्ति 170 करोड़ है। इसमें उनकी पत्नी की संपत्ति भी शामिल है। एनडी गुप्ता की 9.6 करोड़ तथा संजय सिंह की संपत्ति 6.60 लाख रुपये है। इसमें भी इनकी पत्नी की संपत्ति शामिल है। नामांकन के दौरान संजय सिंह ने जो शपथपत्र पेश किया उसके मुताबिक उनके पास कुल चल संपत्ति 59,499 रुपये हैं।
वहीं चल संपत्ति के मामले में उनकी पत्नी बहुत आगे हैं। संजय सिंह की पत्नी के पास 610014 रुपये की चल संपत्ति है। संजय सिंह ने शपथपत्र में बताया कि उनके पास कोई भी अचल संपत्ति नहीं है। संजय सिंह के तीन बैंक अकाउंट हैं, जिसमें कुल जमा रकम 16,100 रुपये हैं। वहीं पत्नी के पास भी तीन बैंक अकाउंट हैं जिसमें कुल 27,000 रुपये जमा हैं। संजय सिंह ने अपने शपथपत्र में 4 लाख 27 हजार रुपये कीमत के सोने की भी घोषणा की है। शपथपत्र के मुताबिक संजय सिंह खिलाफ मानहानि सहित चार मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही संजय सिंह पर 13 एफआईआर भी दर्ज हैं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करें।