राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी और बताया कि अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। उन्होंने बताया कि हवा में आर्द्रता का स्तर 62 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक ने दिन में तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान लगाया है।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता (एक्यूआई) ‘सामान्य’ श्रेणी में दर्ज की गई। एक्यूआई 175 रहा। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘सामान्य’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान कुछ डिग्री की गिरावट के साथ 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 7 मार्च तक बारिश और हल्की बर्फबारी के आसार हैं। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर 2 मार्च की रात यानी आज रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में दिखने लगेगा।
इसकी वजह से इससे जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के इलाकों में 3 मार्च को कुछ-कुछ जगहों पर बारिश, बर्फबारी, तेज हवाओं के साथ बारिश की बौछारें, बिजली कड़क सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 मार्च को एक बार फिर से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर दिखेगा। इससे 6 से 8 मार्च के बीच पूरे क्षेत्र में भारी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।