पूर्वी दिल्ली : युवक शादी से पहले बैचलर पार्टी करने अपने एक दोस्त के साथ थाइलैंड तो गया, लेकिन वापस उसका केवल शव लौटा। दरअसल न्यू अशोक नगर निवासी 28 वर्षीय सौरभ होटल के स्वीमिंग पूल में अचेत अवस्था में मिला था। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हालांकि सौरभ के पिता को मामला संदिग्ध लग रहा है।
उनका आरोप है कि ऐसा भी संभव है कि उसकी किसी दोस्त ने साजिशन उसकी हत्या कर दी हो। चूंकि उसे अपने कई दोस्तों से रुपए लेने थे। हालांकि विदेश में हुए शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में सौरभ की मौत का कारण हार्ट फेलियर बताया गया है। परिजनों को समझ नहीं आ रहा है कि वो क्या करें। जानकारी के मुताबिक, सौरभ परिवार सहित न्यू अशोक नगर के सी ब्लॉक में रहता था। परिवार में पिता महिपाल, एक शादीशुदा व एक कुंवारी बहन है। सौरभ पेशे से सिविल इंजीनियर था। वह नोएडा की एक कंपनी में कार्यरत था।
आगामी 28 नवंबर को उसकी शादी थी। इस कारण उसने अपने दोस्तों के साथ बैचलर पार्टी करने के लिए थाइलैंड जाने का प्लान बनाया था। पहले काफी दोस्त जा रहे थे। मगर आखिर में उसके साथ पास में रहने वाला उसका दोस्त दीपक शर्मा ही गया। दोनों 21 अगस्त को दिल्ली से रवाना हुए थे। वहां पहुंचने के बाद 22 अगस्त की सुबह नाशता करने के बाद सौरभ स्वीमिंग करने चला गया। कुछ देर बाद उसे होटल के कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां करीब 26 घंटे रखने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहले बहन की शादी करना चाहता था सौरभ
परिजनों का कहना है कि सौरभ पहले अपनी दूसरी बहन की शादी करना चाहता था। इस कारण करीब चार वर्ष से वह शादी नहीं कर रहा था। अब सौरभ की शादी से ठीक एक सप्ताह पहले यानि 21 नवंबर को उसकी बहन की शादी होनी थी। मगर अब सौरभ खुद ही इस दुनिया में नहीं रहा है। पिता व बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार का दोस्तों पर है शक
सौरभ के पिता का कहना है कि उन्हें शक है कि सौरभ के साथ कुछ गलत जानबूझकर किया गया है। उनका आरोप है कि सौरभ ने अपने दोस्तों रुपए उधार दिए हुए थे। अब शादी सिर पर होने के चलते वह रकम वापस मांग रहा था। थाइलैंड साथ गए दीपक ने उन्हें बताया है कि घटना के समय वह अपने कमरे में सो रहा था। मगर परिजनों को उसकी बात पर विश्वास नहीं है।