नई दिल्ली : दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को जल शक्ति मंत्रालय की तरफ से नमामि गंगे ‘द ग्रेट गंगा रन’ का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे से 7 बजे के बीच मैराथन को केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू और जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मैराथन का मकसद एक जनआंदोलन की शुरुआत कर लोगों को गंगा की स्वच्छता के लिए जागरूक करना है।
‘द ग्रेट गंगा रन’ में युवाओं से लेकर बुजुर्ग और महिलाओं ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखवात ने बताया कि इस मैराथन से जुड़ने के लिए 20 हजार से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। मैराथन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने जम्मू और कश्मीर के युवाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कल कई कश्मीर के युवा मेरे पास आए थे, उन्हें खेलने नहीं दिया जा रहा है। पुराने लोग उन्हें परेशान करते हैं। कश्मीर के युवा खेलना चाहते हैं, सबको आगे लेकर चलेंगे।
वहीं केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र शेखवात ने कहा कि नमामि गंगे मिशन पीएम नरेंद्र मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। गंगा, यमुना और सहायक नदियां पवित्र बनें यह केवल सरकार के प्रयास से संभव नहीं जबतक समाज साथ में न जुड़े। गंगा पवित्र रहे इसलिए ‘द ग्रेट गंगा रन’ का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि 9 अक्टूबर से ‘द ग्रेट गंगा एक्सपीडिशन’ शुरू कर रहे हैं जिसके तहत देवप्रयाग से लेकर गंगा सागर तक, राफ्टिंग या अन्य माध्यम से ‘द ग्रेट गंगा एक्सपीडिशन’ का आयोजन होगा। इस आयोजन में ढाई हजार किलोमीटर तक जलमार्ग से यात्रा की जाएगी और जनता को जोड़ा जाएगा।’