राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार यानी आज सुबह से ही चक्रवात तौकते का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग (आईएमडी) का अनुमान है कि चक्रवाती तूफान तौकते के चलते दिल्ली में मंगलवार की शाम को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। जबकि, इसके अगले 2 दिनों के बीच अच्छी बरसात होने की उम्मीद है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार के दिन सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे। बीच-बीच में तेज धूप भी निकली लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रहने के कारण गर्मी में इजाफा नहीं हुआ।
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री कम है। जबकि, न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि देश के पश्चिमी समुद्री तट से टकराने वाले तौकते तूफान का असर राजधानी दिल्ली पर भी दिखाई देगा। इसके असर से पूर्वी राजस्थान और हरियाणा के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। जबकि, दिल्ली में भी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ बरसात हो सकती है।
मंगलवार की शाम को तूफान का असर दिखने लगेगा। जबकि, बुधवार को अच्छी बरसात होने की संभावना है। जबकि, गुरुवार को हल्की बरसात होने के आसार हैं। तौकते तूफान की वजह से मौसम की ये गतिविधियां होंगी। अच्छी बरसात के चलते बुधवार और गुरुवार को अधिकतम तापमान में खासी गिरावट होने की संभावना है। इन 2 दिनों के बीच अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। मौसम की इन गतिविधियों की वजह से दिल्ली को प्रदूषण से भी काफी राहत मिलेगी।अगले 2-3 दिनों के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार की उम्मीद जताई गई है।