राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से रोड रेज की घटना में दो लोगों की पश्चिम विहार इलाके में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार को उद्योग विहार मेट्रो स्टेशन के पास हुई। पुलिस ने इस घटना को सुबह होते-होते ही सुलझा लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज में दोनों को बहस करते हुए देखा और जिसके बाद संदिग्धों ने चाकू निकालकर पीड़ितों पर बार-बार वार किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात पुलिस को पीसीआर कॉल मिली कि उद्योग विहार मेट्रो स्टेशन के पास दो लोग घायल अवस्था में पड़े हैं। घायलों को जब अस्पताल पहुंचाया गया तो डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रोहित अग्रवाल(23) पुत्र चरणजीत निवासी राम पार्क, दिल्ली और घनश्याम ऊर्फ चूजा(20) पुत्र राम रतन निवासी बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस ने रात में ही मामले की छानबीन शुरू कर दी थी और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी परदीप कोहली(19) निवासी ज्वालापुरी, दिल्ली और जेसीएल को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और मोटर साइकिल बरामद की। पुलिस ने जांच में पाया है कि यह हत्या दोनों पक्षों के बीच हुए रोड रेज की घटना के बाद अंजाम दी गई।