पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी में शनिवार देर रात दो समूहों के बीच हिंसक झड़प हुई, इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई। घटना में में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए। मामूली नोकझोंक से शुरू हुआ ये विवाद देखते ही देखते एक हिंसक लड़ाई में तब्दील हो गया।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि झड़प शनिवार रात करीब दस बजे एक दुकान के कर्मचारी की पिटाई की घटना के बाद शुरू हुई। उन्होंने कहा कि दुकान के एक कर्मचारी की पिटाई के मुद्दे को लेकर कासिम और शाहिद नामक व्यक्तियों से जुड़े एक समूह की झड़प मन्नान नामक व्यक्ति से जुड़े समूह से हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान गोलीबारी भी हुई और गोली लगने से शाहिद की मौत हो गई तथा कई अन्य लोग घायल हो गए। दरअसल, शनिवार रात 10.30 बजे त्रिलोकपुरी के ब्लॉक नंबर 26 में कासिम गुट की शाहिद, आसिफ और मोहसिन के गुट से नोकझोंक हो गई।
दोनों में पुरानी रंजिश बताई जा रही है। कहासुनी के बाद कासिम और शाहिद दो नों ही गुट के लड़के वहां जमा हो गए। हाथापाई होने के बाद दोनों ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। इस दौरान मौके पर भगदड़ मच गई। इस बीच एक गुट के लड़कों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।