जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के बाहर रविवार रात दो बदमाशों के कथित गोलीबारी करने की घटना में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ । संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए बनाए गए विश्वविद्यालय के छात्रों और पूर्व छात्रों के समूह ‘जामिया समन्वय समिति’ (जेसीसी) के एक बयान के अनुसार हमलावर लाल रंग की मोटरसाइकिल पर आए थे।
बयान में कहा गया है कि एक बदमाश ने लाल रंग की जैकेट पहन रखी थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता और सशस्त्र अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत हत्या की कोशिश का एक मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। जामिया नगर में इस एक ही सप्ताह में गोलीबारी की यह तीसरी घटना है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव : PM मोदी आज कड़कड़डूमा में चुनावी सभा को करेंगे संबोधित
गौरतलब है कि शाहीन बाग इलाके में सीएए के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान शनिवार को 25 वर्षीय एक युवक ने हवा में गोली चलाई थी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले गत गुरुवार को एक व्यक्ति ने सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई थी जिसमें जामिया मिल्लिया इस्लामिया का एक छात्र घायल हो गया था।
इस बीच, ओखला से कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिम मोहम्मद खान ने बताया कि हालिया घटना रात करीब साढ़े 11 बजे हुई। एक छात्र ने कहा, ‘‘ हमने गोली की आवाज सुनी। जब हम बाहर आए तो दो लोगों को स्कूटी पर जाते देखा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हमने वाहन का नंबर तुरन्त लिख लिया और पुलिस को फोन किया। ’’


Download Android App
Download iOS App



