कोरोना महामारी की भयावह दूसरी लहर के मद्देनजर दिल्ली में लगे लॉकडाउन में अब रियायत दी जा रही हैं। प्रतिबंधों में ढील के मद्देनजर एक बार फिर मेट्रो सेवा 50 प्रतिशत कैपेसिटी के शुरू की जाएगी। इसके साथ ही दिल्ली में ओड-इवन के आधार पर बाजार और मॉल खोले जाने की अनुमति होगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रतिबंधों में ढील का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में सोमवार के आगे भी लॉकडाउन जारी रहेगा लेकिन काफी रियायत दी जा रही है। बाज़ार और मॉल को ऑड-ईवन के आधार पर सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक के लिए खोले जाने की अनुमति होगी। वहीं प्राइवेट ऑफिस 50 प्रतिशत की क्षमता के साथ खोले जा सकते हैं। जरूरी सामान की दुकानें रोज खुलेंगी।
दिल्ली मेट्रो 50 प्रतिशत की क्षमता के साथ शुरू की जा रही है। सरकारी दफ़्तरों में ग्रुप ए ऑफिसर 100 प्रतिशत और बाकी इसके नीचे वाले 50 प्रतिशत ऑफिसर काम करेंगे। जरूरी सेवाओं में 100 प्रतिशत कर्मचारी काम करेंगे।
अगली वेव में 37,000 केसों का पीक मानकर तैयारी शुरू करेगी सरकार
मुख्यमंत्री केजरीलवाल ने कहा, दिल्ली में पिछले 24 घंटे में करीब 400 केस आए हैं और पॉजिटिविटी रेट क़रीब 0.5 प्रतिशत रह गया है। विशेषज्ञों के साथ बात करके ये तय किया गया है कि अगली वेव की 37,000 केसों का पीक मानकर तैयारी शुरू की जाए। 420 टन ऑक्सीजन की स्टोरेज क्षमता तैयार की जा रही है। 25 ऑक्सीजन टैंकर खरीदे जा रहे हैं और 64 ऑक्सीजन प्लांट लग रहे हैं।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि बच्चों के लिए कितने आईसीयू बेड की जरूरत होगी, इसका भी आकलन कर तैयारी की जा रही है। अगली लहर में ऑक्सीजन की कमी के कारण हाहाकार न मचे, इसलिए 420 टन ऑक्सीजन के लिए स्टोरेज तैयार कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



