नई दिल्ली : जब तक पार्टी के सब लोग एकसूत्र में बंधकर काम नहीं करेंगे, तब तक पार्टी चुनाव कैसे जीतेगी। दिल्ली भाजपा प्रदेश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता ने कोर ग्रुप की मीटिंग में यह बात तो सामान्य लहजे में कही, लेकिन राजनीति में तो हर बात के मायने निकल जाते हैं। सबने इस विजय गोयल व मनोज तिवारी के अलग-अलग चलने से जोड़कर देख लिया। फिर यह चर्चा का विषय बन गई। वैसे साढ़े तीन घंटे चली मंथन मीटिंग में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम रणनीति तैयार की गईं।
दिल्ली भाजपा की सोमवार की रात झंडेवालान स्थित दीन दयाल रिसर्च सेंटर में कोर ग्रुप की मीटिंग आयोजित की गई थी। फिर इसमें कुछ और लोगों को आमंत्रित कर लिया गया। मीटिंग में आए लोगों में छह सांसद, राज्यसभा सांसद विजय गोयल, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय मंत्री महेश गिरी, अध्यक्ष मनोज तिवारी, संगठन महामंत्री रामलाल, तीनों महामंत्री रविन्द्र गुप्ता, कुलजीत सिंह चहल व राजेश भाटिया, पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय आदि मौजूद थे।
इस मीटिंग में तय किया गया कि किस तरह से आम आदमी पार्टी की सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाना है। केजरीवाल ने किस तरह दिल्ली के विकास को एकदम ब्रेक लगा दिया है। केजरीवाल के विधायक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। दिल्ली में मोदी सरकार की तमाम उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए। दिल्ली नगर निगम में जो काम हुए हैं, उनका प्रचार होना चाहिए। सभी इस बात को लेकर एकमत थे कि अबकी बार भाजपा को दिल्ली विधानसभा का चुनाव जीतना है। इसके लिए किसी तरह को कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए। जिस तरह लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपार सफलता मिली है, वैसे ही विधानसभा में भी जीत का परचम लहराना चाहिए।