राष्ट्रीय राजधानी से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली के वसंतकुंज इलाके में पानी को लेकर हुई लड़ाई में एक महिला की गला काटकर हत्या कर दी गई। इस दौरान बचाव करने आए महिला के पति को भी घायल कर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने 6 टीम बनाई है। आसपास के सभी इलाकों में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है।
दरअसल, मंगलवार सुबह करीब 6 बजे मृतक श्याम कला अपने परिवार के साथ दलित एकता कैम्प के झुग्गी में रहती थी। सुबह तड़के वह अपने घर के बाहर पानी भर रही थी। उसी वक्त घर के सामने रहने वाला पड़ोसी अर्जुन और उसके परिवार के साथ पानी भरने को लेकर झगड़ा हो गया।
हवा में चाकू लहराते हुए आरोपी दे रहा था धमकी
झगड़ा इस हद तक बढ़ गया कि अर्जुन बड़ा सा चाकू लेकर आया और महिला का गला रेत दिया। इस दौरान आरोपी ने बीच-बचाव में आए महिला के पति को चाकू मारकर घायल कर दिया। जानकारी के मुताबिक, आरोपी अर्जुन पहले भी एक मामले में आरोपित है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हवा में चाकू लहराते हुए आस-पास के लोगों को धमकियां देने लगा। लोगों को धमकी देते हुए आरोपी अर्जुन ने कहा, ‘अगर किसी ने पुलिस को कॉल की या इनके झगड़ों के बीच में आया तो वह उन्हें भी जान से मार देगा।’ आरोपी अर्जुन के इस कृत्य से इलाके के लोगों में खौफ का माहौल है।