जाब की राजनीति में सक्रिय नेता व वरिष्ठ अधिक्ता एचएस फुल्का की भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज होने लगी हैं। बीते दिनों आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफा देने के बाद वह लगातार भाजपा में शामिल होने को लेकर चर्चा में रहे हैं। वहीं बीते दिनों 1984 सिख कत्लेआम मामले में कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को सजा मिलने के बाद फुल्का जिस गर्म जोशी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव आरपी सिंह से गले मिले उससे भी यही प्रतीत हुआ कि वह कभी भी भाजपा का रुख कर सकते हैं।
इसके बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा उन्हें देश के उच्च सम्मानों में से एक पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया। पद्मश्री से सम्मानित होने की खुशी में फुल्का ने गत रविवार को लोधी रोड स्थित इंडिया हेबिटेट सेंटर में रात्रिभोज का आयोजन किया, जिसमें भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। इसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में फुल्का के भाजपा में जाने की अटकलें और तेज हो गई हैं।
ज्ञात हो कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा बीते दिनों राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रतिष्ठित व्यक्तियों को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया था। इसमें सार्वजनिक मामलों में अहम योगदान देने के लिए एचएस फुल्का को पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया।
फुल्का द्वारा आयोजित रात्रि भोज में शांति के लिए नोबल पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद, वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की चेयरपर्सन किरण चोपड़ा, भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता व पत्नी डॉ. शोभा विजेंद्र गुप्ता, सुभाष आर्या, हरीश खुराना और अन्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान कुछ समय के अंतराल में मधुर गीत-संगीत कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।