पूर्वी दिल्ली : फर्श बाजार के विश्वास नगर इलाके में बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 27 वर्षीय शिवांगी के सिर में गोली लगने से मौत के मामले में पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल शिवांगी ने खुद को गोली नहीं मारी थी, बल्कि उसको किसी अन्य ने गोली मारी थी। गोली मारने का आरोप उसके पति प्रशांत कसाना पर ही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खबर लिखे जाने तक उससे पूछताछ जारी थी। वह अब भी पत्नी द्वारा खुदकुशी करने की बात कह रहा था। इधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव परिजनों के हवाले कर दिया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में प्रशांत के अलावा कोई अन्य शख्स शामिल है या नही। प्रशांत के परिवार की भूमिका भी मामले में संदिग्ध है।
ये थी कलह की वजह… मामले की छानबीन कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि प्रशांत की बहन अपनी ससुराल वालों से झगड़ा कर तीन बच्चों को लेकर मायके आ गई थी। इसी बात पर शिवांगी का अपने पति से झगड़ा होता था। शिवांगी का मकान पहले ही बहुत छोटा था। इस कारण घर में काफी शोर रहता था और पति-पत्नी के बीच झगड़ा रहता था।
देर रात चार बजे तक हुआ था झगड़ा
वारदात वाली सुबह से पहले मंगलवार देर रात प्रशांत शराब के नशे में घर पहुंचा था। शिवांगी और उसके बीच तड़के चार बजे तक झगड़ा हुआ था। सूत्रों की माने तो सुबह करीब नौ बजे आरोपी प्रशांत ने सोते समय अपनी पत्नी को दायीं ओर से गोली मार दी। इसके बाद वह वहीं बैठा रहा। काफी सोचने के बाद आरोपी ने हत्या को खुदकुशी बनाने के लिए पत्नी को अस्पताल ले जाने का नाटक किया। वह करीब 10.36 पर शिवांगी को लेकर मैक्स अस्पताल पहुंचा, जहां से पुलिस को उसकी मौत की सूचना मिली।
घरवालों ने क्यों नहीं सुनी गोली की आवाज
इस मामले ये भी बात चौंकाने वाली रही कि घर में गोली चली इसके बाद भी प्रशांत के पिता दिनेश कसाना, मां और बहन को इसकी जानकारी क्यों नही हुई। मामले में इन लोगों का हाथ है या नहीं इसकी भी पड़ताल की जा रही है। वहीं शिवांगी के पिता राजीव नरुला ने भी आरोप लगाया है कि प्रशांत और उसका परिवार के लोगों ने मिलकर उनकी बेटी को मारा है। अगर उनकी बेटी की हत्या नहीं हुई तो गोली लगने के बाद प्रशांत के परिवार ने मायके वालों को सूचना क्यों नही दी थी। उन्होंने मांग की है कि पुलिस प्रशांत के परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।