नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नववर्ष के आगमन पर बुधवार को दिल्लीवासियों को नववर्ष की बधाई देते हुए उन्हें 2019 की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भगवान से प्रार्थना करता हूं कि 2020 का साल आपके लिए ढेर सारी खुशियां लेकर आए। आपके परिवार को स्वस्थ्य रखे और आपके सभी सपनें पूरे हों।
उन्होंने कहा कि हमें मिलकर दिल्ली को दुनिया का नंबर वन शहर बनाना है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में वर्ष 2019 में बहुत सारे काम हुए। दिल्ली वालों के लिए तो कई मायनों में यह साल बहुत ही महत्वपूर्ण था। हम लोगों ने डेंगू के खिलाफ लड़ाई लड़ी और उस लड़ाई को हमने जीता। इस साल डेंगू के मामले बहुत कम आए और एक भी मौत नहीं हुई। इतने सारे काम आपकी सरकार ने 2019 में किए।
बसों की यात्रा फ्री हुई। 200 यूनिट बिजल मुफ्त हुई। इतने सारे नए स्कूल बने। इतने सारे नए अस्पताल बने। बसों के अंदर बस मार्शल की नियुक्ति हुई, बहुत सारे काम हुए। अब दिल्ली बहुत तेजी से आगे बढ़ने लगी है। यह आने वाला साल बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। फरवरी में चुनाव है और यह चुनाव तय करेगा कि अगले पांच साल दिल्ली के कैसे बीतेंगे।
दिल्ली के विकास की गाड़ी जो इतनी तेजी से चलने लगी है, अब इसे ब्रेक नहीं लगने देना है। दिल्ली के दो करोड़ लोगों को मिलकर हमें दिल्ली को दुनिया का नंबर वन शहर बनाना है। आप सभी को नए वर्ष की ढेर सारी शुभकामनाएं। भगवान आपकी हमेशा रक्षा करें।