नई दिल्ली : नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर आजादी के नारे लगाए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में कई तरह के बैनर थे, जिन पर लिखा था कि सीएए की वजह से हम अपना मौलिक अधिकार खो देंगे।
हालांकि पुलिस की मुस्तैदी व बैरिकेडिंग की वजह से अधिक प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर तक पहुंच नहीं सके। करीब 100 लोग ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करते दिखाई दिए। इसकी देखरेख खुद नई दिल्ली जिला के एडिशनल डीसीपी दीपक यादव कर रहे थे। बता दें कि सुरक्षा के दौरान जंतर-मंतर व संसद मार्ग को पुलिस बल द्वारा घेराबंदी कर बंद कर दिया गया। यहां से गुजरने वाले वाहन को वाहनों को दूसरे रास्ते से जाने के लिए पुलिस बल द्वारा जानकारी दी गई।
टुकड़ों में पहुंचे जंतर-मंतर… दोपहर एक बजे तक जंतर-मंतर पर ज्यादा प्रदर्शनकारी दिखाई नहीं दिए। 10 से कम ही लोग यहां पर प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि दो बजे के बाद टुकड़ों में कुछ लोग जंतर-मंतर पर पहुंचना शुरू हुए। इसके बाद दो अलग-अलग जगहों पर लोग एकजुट हुए और यहीं से विरोध प्रदर्शन करना शुरू किया।
उग्र होने से पहले ही लिया हिरासत में… जंतर-मंतर पर करीब 3 बजे तक 100 लोग पहुंच चुके थे। पहुंचने के बाद लोग मीडिया के सामने हमें चाहिए, सीएए व एनआरसी से आजादी के नारे लगाए। प्रदर्शनकारी इस दौरान मार्च करते हुए जंतर-मंतर से बाहर जाने लगे। प्रदर्शनकारियों को उग्र होता देख संसद मार्ग थाने के प्रभारी वेद प्रकाश भीड़ में पहुंचे और उनके प्रदर्शन करने की अनुमति के कागजात मांगे। लेकिन किसी के पास प्रदर्शन करने के अनुमति के कागजात नहीं दिखे। जिसके बाद उन्होंने लोगों को बाहर जाने के लिए कहा।
प्रदर्शनकारियों के जिम्मेदारी लेने पर करने देंगे प्रदर्शन…
जंतर-मंतर पर पहुंचे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच प्रदर्शन करने व न करने की बात पर काफी देर तक बहस चलती रही। एक तरफ पुलिस जहां प्रदर्शन करने की अनुमति के कागजात मांग रही थी, वहीं प्रदर्शनकारी का कहना था कि प्रदर्शन के लिए कोई इजाजत लेने की जरूरत नहीं पड़ती। संसद मार्ग थाना प्रभारी वेद प्रकाश ने कहा कि वह प्रदर्शन करने की अनुमति जरूर दे देंगे, लेकिन आप (प्रदर्शनकारियों) में से कोई एक व्यक्ति इनकी जिम्मेदारी ले। हालांकि उनकी इस बात पर कोई सहमत नहीं दिखा। जिसके बाद पुलिस ने सीआरपीएफ की मदद से सभी को हिरासत में लिया और जंतर-मंतर से बस के जरिए कहीं दूर भेज दिया।
इंडिया गेट पर भी प्रदर्शन की बनाई योजना…
जंतर-मंतर पर इजाजत नहीं मिलने से प्रदर्शनकारियों ने आपस में प्लानिंग कर इंडिया गेट पर प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। इस तरह की बातें जंतर-मंतर पर पहुंचे प्रदर्शनकारी आपस में चर्चा कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यहां पर प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं मिली। इसलिए हम लोगों को फोन कर इंडिया गेट पर आने के लिए कह रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को दिए गुलाब…
जिस वक्त पुलिस बल द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। उस दौरान एक प्रदर्शनकारी ने एक पन्नी में ढेर सारी गुलाबों के फूल ले रखे थे। मौके पर मौजूद पुलिस बलों को प्रदर्शनकारी द्वारा बारी-बारी करके गुलाब के फूल दिए गए। हालांकि इस दौरान कुछ जवानों ने प्रदर्शनकारियों के हाथों से गुलाब के फूल भी लिए तो कई ने गुलाब का फूल लेने से इंकार कर दिया।
मेट्रो स्टेशन पर भी किया प्रदर्शन…
पुलिस बल द्वारा कुछ लोगों को बस में भरकर दूसरी जगह छोड़ने के लिए बस निकली ही थी कि कुछ देर बाद चार बजे के करीब कुछ 10 से 15 लोग हाथ में बैनर लिए जंतर-मंतर, पटेल चौक मेट्रो स्टेशन से पैदल मार्च करते हुए पहुंच गए। यह लोग जंतर-मंतर पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए जाना चाहते थे। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। यहां पर पुलिस बल द्वारा इन्हें हिरासत में लिया गया। फिर बस में भरकर दूसरी जगह भेज दिया गया।