दिल वालों की दिल्ली में गुरुवार की सुबह का आगाज सुहानी बूंदाबांदी और खुशगवार मौसम के साथ हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार भले ही बुधवार रात तक बारिश नहीं हुई, लेकिन आज यानी गुरुवार सुबह ही दिल्ली एनसीआर में मौसम का रुख बदला है। सुबह से ही बारिश और आंधी के बाद से राजधानी का मौसम सुहाना हो गया है। मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है। कई स्थानों पर अब भी बादल छाए हुए हैं। हालांकि कई जगहों पर सूरज दिखने लगा है, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान मौसम के सामान्य तापमान से 4 डिग्री कम 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
साथ ही मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में गरज के साथ छीटें पड़ने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बता दें कि मौसम विभाग ने दिल्ली में बुधवार से तीन दिन तक आंधी चलने, बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई थी। लेकिन बुधवार रात तक इस प्रकार का मौसम देखने को नहीं मिला था लेकिन आज सुबह से मौसम बहुत सुहावना हो गया था। अनुमान है कि आज शाम में भी दिल्ली और आस-पास के इलाको में बारिश हो सकती है।
आईएमडी के मुताबिक अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत में अरब सागर से आने वाली हवाओं और पूर्व की तरफ जाने वाली हवाओं का असर रहेगा। इन सभी गतिविधियों की वजह से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में धूल भरी आंधी, बिजली कड़कने, ओले गिरने के साथ बारिश की संभावना है। वहीं अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत में के मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान भारत के मैदानी इलाकों वाले राज्यों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
किन राज्यों में बारिश होने की संभावना
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, बिहार, बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश का अनुमान है।