राजधानी दिल्ली में कोरोना की रफ्तार बेलगाम होती जा रही है। नए ओमिक्रॉन वैरिएंट की वजह मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। गुरुवार को राजधानी में कोरोना के 15,097 नए मामले आए। पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 15 फीसदी के पार पहुंच गया। इसी बीच आज से वीकेंड कर्फ्यू लागू होने जा रहा है। ये कर्फ्यू रात 10 बजे से शुरू हो जाएगा और सोमवार सुबह 5 बजे तक रहेगा। इस दौरान लोगों को बिना वजह घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी।
अनिवार्य कामों के लिए घर से बाहर निकलने दिया जाएगा। हालांकि कुछ लोगों को इसमें छूट दी गई है। इसके साथ ट्रेन, बस या फ्लाइट से वीकेंड कर्फ्यू के दौरान किसी भी वक्त जाने वाले यात्रियों को छूट होगी। इसके लिए आपके पास टिकट होना जरूरी है।
ये है गाइडलाइन-
- आवश्यक सेवाओं को छोड़कर किसी भी काम के लिए घर से बाहर घूमने की इजाजत नहीं होगी।
- प्राइवेट दफ्तरों में आधी संख्या (50%) कर्मचारियों को ही बुलाने की अनुमति।
- गैर-जरूरी सेवाओं के अलावा सभी सरकारी कर्मचारी घर से ही काम करेंगे।
- मेट्रो सेवा चालू रहेगी लेकिन हर 15 से 20 मिनट बाद एक ट्रेन आएगी।
- रेल, बस या हवाई यात्रा के लिए आवाजाही पर पाबंदी नहीं होगी।
ई-पास के लिए यहां करें आवेदन
वीकेंड कर्फ्यू के दौरान आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति से जुड़े लोगों को कर्फ्यू के दौरान आने-जाने के लिए ई-पास जारी किए जाएंगे। इसके लिए दिल्ली सरकार की वेबसाइट www.delhi.gov.in पर आवेदन करना होगा। वहीं गुरुवार को मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 15,097 ताजा मामले दर्ज किए गए। वहीं छह लोगों की मौत भी हो गई। दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 5168 हो गई है। वहीं अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या 1091 है, इसमें से 87 मरीज कोरोना सस्पेक्ट हैं, जबकि 1004 कोरोना के कंफर्म मरीज हैं। बिना या हल्के लक्षणों वाले मरीजों की संख्या 769 हैं, 211 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और 24 मरीज वेंटीलेटर सपोर्ट पर हैं।