लॉकडाउन : इन खास इंतजामों के साथ IGI एयरपोर्ट से कल सुबह 4:30 बजे उड़ेगा पहला विमान

Summary :

दिल्ली से सोमवार की सुबह 4:30 बजे पहला विमान उड़ान भरेगा। वहीं कुल 380 विमान का परिचालन किया जाएगा।

कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के बीच सोमवार से घरेलू हवाई यात्रा की शुरुवात हो रही है। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आईजीआई हवाईअड्डे चलाने वाली दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) ने कहा कि घरेलू उड़ान संचालन 25 मई से शुरू होगा। मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली से सोमवार की सुबह 4:30 बजे पहला विमान उड़ान भरेगा। वहीं कुल 380 विमान का परिचालन किया जाएगा।
दिल्ली के आईजीआई ने स्वस्थ एवं सुरक्षित हवाई यात्रा को बढ़ावा देने के लिए बोडिर्ंग और बस गेट्स पर बैग इत्यादि को साफ करने के लिए यूवी प्रौद्योगिकी की तैनाती जैसे विभिन्न उपायों को लागू किया है। बता दें कि कोविड-19 महामारी के कारण राष्ट्रव्यापी बंद के बाद इन सेवाओं को लगभग दो महीने के लिए निलंबित कर दिया गया था। डीआईएएल के अनुसार, हवाईअड्डे पर प्रवेश द्वार और चेक-इन जैसे स्थानों पर यात्रियों के लिए स्वचालित हैंड सैनिटाइजर मशीन, फ्लोर मार्कर सहित कई उपायों को लागू किया गया है।
ये नई मशीनें और प्रोटोकॉल सामाजिक दूरी के मानदंडों के अनुपालन और हवाईअड्डे पर मानव संपर्क को कम करने के लिए डिजाइन किए गए हैं। डीआईएएल के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा, हमने यात्रियों को उनकी सुविधा और अनुभव से समझौता किए बिना यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हवाईअड्डे पर कई अनूठी पहल की हैं। उन्होंने कहा, हमारी टीमों ने स्वास्थ्यकर (हाइजीन) स्थिति प्रदान करने के लिए विशाल टर्मिनल को साफ करने के लिए चौबीसों घंटे काम किया है।

कोविड-19 : देश में संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 32 हजार के करीब, महामारी से अब तक 3867 लोगों ने गंवाई जान

राष्ट्रीय स्तर पर बंद घोषित होने के बाद भी आईजीआई हवाईअड्डे ने देश भर में प्रमुख चिकित्सा आपूर्ति बहाल करने और विदेशों से भारतीयों को निकालने में अपना खास योगदान दिया है। हवाईअड्डा इस संकट की घड़ी में भी सामान्य यात्री सेवाओं को छोड़कर अन्य आवश्यक सेवाओं में व्यस्त रहा है। केंद्र ने गुरुवार को घरेलू यात्री उड़ान सेवाओं को फिर से शुरू करने की बात कही थी।
हालांकि एयरलाइनों को 25 मई से मेट्रो शहरों और अन्य गंतव्यों के बीच संचालन के लिए सीमित संख्या में यात्री उड़ान सेवाएं संचालित करने की अनुमति है। इस दौरान महज एक तिहाई उड़ानों का ही संचालन होगा। इसके बाद आने वाले समय में इस क्षमता को बढ़ाया जा सकता है। कोविड-19 के प्रकोप के मद्देनजर राष्ट्रव्यापी बंद लागू करने के कारण 25 मार्च से यात्री घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों उड़ानों के लिए यात्री हवाई सेवाओं को निलंबित कर दिया गया था।

Desk Team