नई दिल्ली : सिग्नेचर ब्रिज पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की ब्रिज से नीचे गिरकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक की पहचान संदीप कुमार (36) के रूप में की है। घायल युवक की पहचान अभिश्रेष्ठ (28) के रूप में हुई है। दोनों नत्थूपुरा बुराड़ी के रहने वाले हैं। आशंका है कि बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी।
जिसके बाद बाइक पर पीछे बैठा संदीप उछलकर नीचे यमुना खादर में जा गिरा, जबकि अभिश्रेष्ठ बाइक समेत ब्रिज के ऊपर ही गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने संदीप के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घायल युवक का अभी अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक संदीप अपने परिवार के साथ नत्थूपुरा इलाके में रहता था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।
संदीप बिजली का काम करता था। पुलिस की माने तो संदीप बुधवार को अपने दोस्त अभिश्रेष्ठ के साथ गोकलपुरी में किसी रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने के लिए गया था। देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सिग्नेचर ब्रिज से होते हुए तिमारपुर की ओर आगे बढ़े। तभी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। संदीप बाइक से उछलकर सीधे यमुना खादर में जा गिरा।
यह हादसा रात करीब 11:30 बजे के आसपास पेश आया। यमुना खादर में मौजूद कूड़ा बीनने वाले एक युवक ने संदीप को गिरते हुए देखा और तुरंत पुलिस को कॉल कर दी। सिग्नेचर ब्रिज पर भी दुर्घटनाग्रस्त बाइक और युवक को देखकर लोगों ने उसे उठाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। वही अभिश्रेष्ठ की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।