बिहार में बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खमहार गांव में आज भूमि विवाद में एक युवक की हुयी हत्या के विरोध में आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया है। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि खमहार गांव निवासी चंदन कुमार (35) का गांव के कुछ लोगों से भूमि के एक हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। चंदन अपने खेत में काम कर रहा था तभी कुछ लोगों ने धावा बोला।
इसके बाद जमीन जोतने को लेकर चंदन के समर्थकों और अन्य लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते हीं देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनो पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस घटना में चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूत्रों ने बताया कि घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। हत्या के विरोध में आक्रोशित लोगों ने खमहार गांव के निकट रोसड़-बेगूसराय मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है। पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।