नई दिल्ली, (पंजाब केसरी): मुंडका की इमारत में लगी आग के बाद उत्तरी दिल्ली नगर निगम का लाईसेंसिंग विभाग हरकत में आ गया है। शनिवार सुबह जहाँ विभाग की टीम ने मौके का दौरा किया, वहीं निगम आयुक्त संजय गोयल से सभी जोन के उपयुक्त को को निर्देश जारी किया है। आयुक्त संजय गोयल द्वारा जारी निर्देश पत्र में कहा गया है कि नॉर्थ एमसीडी के सभी उपायुक्त अगले 10 दिन में उनके क्षेत्र में आने वाले सभी फैक्ट्रियों की जांच कर एक रिपोर्ट तैयार कर विभाग को सौपेंगे।

इस रिपोर्ट में यह देखा जाएगा कि फैक्टरी के पास लाइसेंसी विभाग, डीएमसी एक्ट, डीपीसीसी, फायर सहित अन्य का लाइसेंस है या नहीं। यदि किसी फैक्ट्री मालिक के पास उक्त फैक्ट्री को चलाने के लिए उपयुक्त लाइसेंस नहीं है तो संबंधित फैक्ट्री को सील कर दिया जाएगा। विभाग का कहना है कि इस घटना के बाद से नॉर्थ एमसीडी काफी सख्त हो गया है। बता दें कि नरेला जोन के मुंडका क्षेत्र में बड़ी संख्या में फैक्ट्री हैं। इनमें प्लास्टिक पैकिंग सहित अन्य का काम होता है जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर नागलोई सुल्तानपुरी मुबारकपुर मंगोलपुरी आसपास के क्षेत्रों से आते हैं।
वही संजय गांधी अस्पताल में अपनों को तलाशने पहुंचे परिजनों का कहना है कि नॉर्थ एमसीडी यदि पहले ही सख्त हो जाता तो ऐसी घटनाएं नहीं हो पाती। उनका कहना है कि फैक्ट्री में लोगों को जानवरों की तरह भर कर रखा जाता था। जिस जगह पर 20-25 लोग ही काम कर सकते हैं, वहां पर 100-200 लोगों की भी रखा जाता था। ऐसे में इस घटना के बाद लोगों को निकलने का मौका ही नहीं मिला जिस कारण इतनी बड़ी संख्या में कैजुअल्टी हुई है।


Download Android App
Download iOS App



