सोनीपत : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को हरियाणा में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। जनसभाओं में उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को भारत माता की जय बोलने में शर्म आती है। ये लोग देश का गौरव बढ़ाने पर उसका मजाक उड़ाते हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर के मामले पर सीधी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में रहने वालों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाला दूसरे लोक में जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने पहले पंचकूला के कालका और बाद में अंबाला जिले के नारायणगढ़ सोनीपत और जींद में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। कालका की चुनावी जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह फ्रांस में राफेल की पूजा कर रहे थे, तो कांग्रेस के लोग उनका मजाक बना रहे थे। जब देश का गौरव बढ रहा हो, तो ये लोग ऐसे व्यक्ति का मजाक बनाते हैं। कांग्रेस को अच्छा नहीं लगता जब देश का गौरव बढ़े। योगी आदित्यनाथ ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने पर कांग्रेस बोलती थी कि देश में खून की नदियां बह जाएंगी, लेकिन एक पटाखा तक नहीं फूटा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के नेता हर अच्छे और देशहित के कार्य का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनुच्छेद 370 का विरोध किया। जब महिलाओं के सम्मान के लिए तीन तलाक को समाप्त किया गया, उस समय भी कांग्रेस इसका विरोध कर रही थी। इसलिए कांग्रेस को देश के लोगों से कोई लेना-देना नहीं है, उसे तो केवल बस राजनीति करनी है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2जी के बाद दामाद जी ने बड़े-बड़े घोटाले किए। हरियाणा के गुड़गांव से लेकर पंचकूला तक जमीन घोटाले पूरे देश में चर्चा बने हुए हैं। दामाद जी ने कोई जमीन नहीं छोड़ी। योगी आदित्यनाथ ने कहा, कांग्रेस ने पहले देश को बेचा। जब देश की सत्ता उसके हाथ से चली गई, तो इसके नेताओं ने अपनी पार्टी के टिकट बेचने शुरू कर दिए। पार्टी के नेता ही लगातार आरोप लगा रहे हैं कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा टिकट बेचे गए हैं।