गुरुग्राम ,(सतबीर भारद्वाज) : वरिष्ठ भाजपा नेता व वार्ड 10 के निवर्तमान पार्षद मंगत राम बागड़ी के अथक प्रयास के बाद रेलवे रोड, सैक्टर 4 ग्रीन बेल्ट की सफाई कराई गई। सफाई का काम स्वयं मंगत राम बागड़ी ने मौके पर मौजूद रह कर कराया। सफाई के दौरान निकले ट्रैक्टर-ट्रॉली कूड़ा डंपिंग सैंटर भिजवाया गया। उक्त जानकारी देते हुए मंगत राम बागड़ी ने बताया कि सेक्टर 4 ग्रीन बेल्ट में काफी दिनों से कूड़ा भरा था।
उन्होंंने कूड़े की सफाई के संबंध में नगर निगम सैनिटेशन विंग के मुख्य सफाई निरीक्षक अंबिका शर्मा से आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने अपनी देखरेख में सफाई कराई। बागड़ी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में सफाई अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है और इससे प्रेरित होकर भाजपा के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के इस अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सफाई करना जनहित और देशहित का काम है।
स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छ वातावरण की जरुरत होती है और हम स्वच्छ वातावरण तभी कायम कर सकते हैं जब अपने आसपास स्वच्छता रखें और इसके प्रति अन्य लोगों को भी जागरुक करें। इन्हीं जरुरतों को ध्यान में रखते हमने वार्ड 10 में सफाई का कार्य युद्धस्तर पर कराया है। उन्होंने कहा कि सफाई के प्रति वे वर्षों से प्रयासरत रहे हैं और नगर निगम की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए उन्होंने सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और सफाई संसाधनों में वृद्धि करने की बात कई बार नगर निगम की बैठकों में भी रखा है।
उन्होंंने जनता को आश्वस्त किया कि वे सफाई के लिए सदैव इसी तरह से प्रयासरत रहेंगे। जहां भी कूड़ा दिखेगा, उसकी सफाई कराएंगे। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया वे स्वच्छता के प्रति हर समय जागरुक रहें और अगर कोई व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा फेंकता है तो उसे भी ऐसा न करने के लिए जागरुक करें।