नई दिल्ली : वरिष्ठ इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में अपने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। आधे घंटे चली इस मुलाकात के बाद हरियाणा की राजनीति में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई। राजनीति के जानकारों का कहना था कि अभय सिंह की यह मुलाकात गठबंधन को लेकर हुई है। अभय चौटाला मुख्यमंत्री के पास गठबंधन का प्रस्ताव लेकर गए थे। इससे लगभग दो सप्ताह पहले पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने भी हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री से भेंट की थी। आज की इस मुलाकात को गठबंधन के चश्मे से ही देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार अभय चौटाला भाजपा के केन्द्रीय नेताओं के भी सम्पर्क में पिछले कई दिनों से हैं। केन्द्रीय नेतृत्व ने ही उन्हें यह कहा था कि वह प्रदेश के नेताओं से सलाह-मशविरा कर ही कुछ आगे बता सकते हैं। हाईकमान इस संकेत के बाद अभय सिंह ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने अभी 10 लोकसभा की सीटों में से 8 पर ही अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं जबकि दो पर अभी मंथन चल रहा है।
रोहतक और हिसार सीट पर भाजपा मजबूत प्रत्याशी उतारना चाहती है क्योंकि उसकी टक्कर रोहतक में भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेन्द्र हुड्डा से होगी वहीं हिसार में उसका मुकाबला देवीलाल के पड़पौत्र दुष्यंत चौटाला व पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के पुत्र कुलदीप बिश्नोई या बिश्नोई के पुत्र भव्य बिश्नोई से होने जा रहा है। इसलिए अभय सिंह चौटाला ने मुख्यमंत्री को यह ऑफर दिया है कि अगर इनैलो-भाजपा गठबंधन हो गया तो सभी जगह भाजपा प्रत्याशी मजबूत स्थिति में होंगे।
अभय चौटाला बोले : निजी कार्य से सीएम मनोहर लाल से मिला, समझौते पर कोई बात नहीं
मुख्यमंत्री के साथ अभय चौटाला और अशोक अरोड़ा की क़रीब आधे घंटे बातचीत हुई । इस दौरान तीनों ने जलपान भी लिया। बाहर आने के बाद अभय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल से मुलाकात का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं था। वह सीएम से एक निजी काम से मिले और इसमें चुनावी समझौते को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई। अभय चौटाला ने कहा कि भ्ाजपा ने पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी हैै। हम भी करने वाले हैं।
जजपा भी चुनावी समझौते को तैयार
चर्चा है कि इनेलो के विघटन से तैयार हुई जननायक जनता पार्टी भी भारतीय जनता पार्टी के साथ चुनावी समझौता करना चाहती है। सूत्राें के अनुसार, पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला भाजपा के प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर अनिल जैन के संपर्क में हैं। सूत्रों की मानें तो जजपा हिसार और रोहतक सीटों पर भाजपा के साथ समझौता करने को तैयार है।