गुरुग्राम : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को गुरुग्राम से हरियाणा प्रदेश के लिए भारत के मन की बात, मोदी के साथ नामक राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की और अभियान के अंतर्गत संकल्प रथ यात्रा को झण्डी दिखाकर रवाना किया। खट्टर ने कहा कि जनता की सहभागिता से भारत के भविष्य का संकल्प पत्र तैयार हो, इसके लिए रथ यात्रा के माध्यम से जनता से सुझाव लिए जाएंगे। इस उद्देश्य को लेकर देश में 300 हाईटैक रथों की यात्रा रविवार तीन फरवरी को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा दिल्ली से शुरू की गई, जिसमें हरियाणा को भी पांच रथ मिले हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि दिल्ली से रविवार को रवाना हुए सभी एलईडी लगे रथ देश के अलग-अलग प्रदेशों में जाएंगे। हरियाणा में पांच रथ पूरे प्रदेश में घूमेंगे। दो लोकसभा क्षेत्र पर एक रथ होगा, जिनके माध्यम से लोगों के सुझाव लिए जाएंगे। मनोहर लाल ने कहा कि देश में जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तब कई क्षेत्रों में अभाव था, देश का गौरव आगे बढ़े, उसमें कमी थी। देश में जिस रूप में विकास होना चाहिए था कांगे्रस की सरकारों ने वैसा विकास नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद श्री मोदी ने देश की प्रतिष्ठा को आगे बढाया।
पिछले पांच वर्ष के कार्यकाल में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अलग-अलग तरीके जैसे कि मन की बात, मोदी एैप आदि से लोगों से सीधा संवाद किया जिससे आम जनता को लगा कि यह हमारी अपनी सरकार है। पीएम मोदी ने गरीबों, किसानों, महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गोंं के लिए अनेक योजनाएं शुरू की। किसानों को जहां फसल बीमा योजना का लाभ दिया, वहीं युवाओं के स्कीलिंग के बड़े-बड़े कार्यक्रम चलाए, उनका कौशल विकास करके ऋण सुविधा दिलवाई। स्टैंड अप इंडिया व स्टार्ट अप इंडिया जैसे कार्यक्रम चलाए। सैनिकों का सम्मान बढ़ाया और सीमा पार से गोलीबारी का सर्जिकल स्ट्राइक करवाकर मुंहतोड़ जवाब दिया।
मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि इन कार्यक्रमों से देश में जनता ने मन बनाया है कि श्री मोदी जैसा प्रधानमंत्री ना पहले आया और ना ही आएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री या मंत्री ही नहीं, आम जनता से भी कोई अच्छा सोच सकता है इसलिए इस संकल्प रथ यात्रा के माध्यम से 10 करोड़ लोगों के सुझाव लिए जाएंगे। उनके मन की बात आएगी कि वे देश के बारे में क्या सोचते हैं। उन्होंने बताया कि रथ यात्रा के अलावा दूरभाष नंबर-6357171717 पर मिस्ड कॉल करके भी अपने सुझाव दिए जा सकते हैं। मिस्ड कॉल देने वाले व्यक्ति से संपर्क किया जाएगा और उसके सुझाव लिए जाएंगे।
यही नहीं ऑनलाईन वैबसाईट पर और सोशल मीडिया हैंडल पर सुझाव डाले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि संपर्क अभियान में भाजपा पार्टी के कार्यकर्ता जब घर-घर जाएंगे, उस समय भी सुझाव दे सकते हैं। मनोहर लाल ने यह भी बताया कि आम जनता के सुझाव प्राप्त करने के लिए देश में 7500 सुझाव पेटियां अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में रखी जाएंगी। हरियाणा में सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक सुझाव पेटी रखी जाएगी। यह अभियान 2 मार्च तक चलेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने मन की बात प्रधानमंत्री के साथ सांझा करें। चुनाव से पहले यह बहुत बड़ा अभियान शुरू किया गया है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा के शिक्षामंत्री राम बिलास शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, भाजपा की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व सांसद सुधा यादव, विधायक उमेश अग्रवाल, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चैहान, हरियाणा प्रांत के संकल्प यात्रा के संयोजक मुकेश गौड़, मेयर मधु आजाद, भाजपा जिला महामंत्री मनोज शर्मा व अनिल गंडास, भाजपा प्रवक्ता रमन मलिक व सतप्रकाश जरावता, संदीप राघव, विभोर, जिला उपाध्यक्ष मीनु शर्मा, हंसराज कसाना, हरविंद कोहली, मण्डल अध्यक्ष महेश वशिष्ठ, पीएन सिंह, सीता राम सिंगल, अरूण बंसल, महेश यादव, प्रदीप गुज्जर, सचिन भैया, ओमप्रकाश जांगड़ा, अरूण यादव सहित भाजपा के सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
– सतबीर, अरोड़ा