रोहतक : केन्द्र ईस्पात मंत्री बिरेन्द्र सिंह ने कहा कि उतर प्रदेश में समाजवादी पार्टी व बसपा गठबंधन स्वार्थ का गठबंधन है, जिसकी हवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने ही निकाल दी, उन्होंने बयान दिया है कि यूपी की सभी 80 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यही नही ऐसे गठबंधन से राष्ट्रीय दलों को कोई फर्क पडने वाला नही।
साथ ही उन्होंने जींद उप चुनाव में कांग्रेस पार्टी द्वारा रणदीप सिंह सुरजेवाला को टिकट देने पर चुटकी लेते हुए कहा कि हरियाणा कांग्रेस ऐसे व्यक्ति को टिकट दिलवाना चाहती थी, जो कांग्रेस में है ही नही, लेकिन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह सही फैंसला लिया है। यह तो कांग्रेस पार्टी का ही कांटा निकल गया। वही दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा हरियाणा में गोशालाओं के दौरे करने पर केन्द्रीय मंत्री बिरेन्द्र सिंह ने कहा कि यह तो केजरीवाल से ही पूछो, मेरा क्या लेना देना।
प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक गाय को 40 पैसे देने पर बीरेंद्र सिंह ने कहा कि अगर ये भी ना मिले तो क्या कर सकते है, भाजपा ही एक ऐसी सरकार है जो गाय के लिए कुछ कर रही है और यह राशि आगे और बढ़ जाएगी। सोमवार को केन्द्रीय मंत्री रोहतक पहुंचे और मकर संक्रांति पर लावारिस पीड़ित पशु सेवा संघ में आयोजित कार्यक्रम में शिरक्त की। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है, इसलिए हमें जीवन के अहम समय में से कुछ समय निकालते हुए इसकी सेवा अवश्य करनी चाहिए।
पीड़ित व लाचार पशुओं और जीव-जंतुओं को भी जीने का उतना ही अधिकार है जितना मनुष्य को। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि बेसहारा की सेवा से बढकर धरती पर कोई सेवा नहीं है। हमारी संस्कृति और पूर्वजों के अनुसार हमारी माता के बाद गोमाता को सर्वश्रेष्ठ दर्जा दिया गया है और हमारा भी परम कर्तव्य बनता है कि हम इन बेसहारा गौवंश की सेवा अपने सामर्थ्य अनुसार करें। उन्होंने लावारिस पशु संघ की सराहना करते हुए कहा कि जगह की कमी के बावजूद इन मूक लावारिस पशुओं का जो बीड़ा इन्होंने उठाया है वह वाकई काबिले तारीफ है।
इस अवसर पर मेयर मनमोहन गोयल, गोसेवा आयोग के चेयरमैन भानी राम मंगला, चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा, रवि कालड़ा, जीआर मलिक, डॉ. जगदीश मलिक, संजय बंसल, तस्वीर हुड्डा, नरेंद्र अहलावत, परमजीत बलहारा, ओम प्रकाश नांदल, सुधीर फोगाट, नवीन नैन, सतीश आहूजा, ईश्वर शास्त्री, कमल धींगडा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
(मनमोहन कथूरिया)