सिरसा : चौटाला परिवार में छिड़ी जंग के बाद जनअधिकार यात्रा सोमवार को नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला के निर्वाचन क्षेत्र ऐलनाबाद हल्का के गांव माधोसिंघाना पहुंची। माधोसिंघाना में इनेलो की जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ देखकर जहां इनेलो नेता गदगद हो उठे तो वही इस जनसभा ने भी रैली का रूप ले लिया।
नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने जहां भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा तो वही ये भी याद दिलाया कि इनेलो ने किस तरह से एसवाईएल के पानी को लाने के लिए आंदोलन चलाया और लाठियां खाई। अभय चौटाला ने मंच के माध्यम से ये भी बताया कि आने वाली 17 फरवरी को इनेलो बहुत बड़ी रैली करने जा रही है, जिसमें इनेलो सुप्रीमों चौ. ओमप्रकाश चौटाला भी शामिल होगें इसलिए आपको इस रैली में बढ़ चढ़कर आना है और इस बात पर मोहर लगानी है कि हरियाणा में अगली सरकार इनेलो-बसपा गठबंधन की बनने वाली है।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने अपने करीब 34 मिनट केभाषण में जहां सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी के साढ़े चार साल के कुशासन के बारे में तर्कों एवं तथ्यों के साथ बताया, वहीं कांग्रेस एवं भाजपा पर इनेलो को कमजोर करने के प्रयास करने के आरोप लगाए। अभय सिंह ने कहा कि 2014 में जनता कांग्रेस के दस साल के कुशासन से त्रस्त थी।
उस समय तीसरा मोर्चा खड़ा नहीं हो सका। जनता के पास कोई विकल्प नहीं था। ऐसे में मजबूर होकर जनता ने भाजपा के जुमलों पर भरोसा कर भाजपा की सरकार बना दी। उस चुनाव में लोग मोदी के झूठे वादों में आ गए। मोदी ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, 2 करोड़ बेरोजगारों को रोजगार देने, विदेशों से काला धन लाने, एवं सभी के खाते में 15-15 लाख रुपए आने जैसे वादे किए। अभय सिंह ने कहा कि जब इसी साल 18 अप्रैल को इंडियन नैशनल लोकदल एवं बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन हुआ तो कांग्रेस एवं भाजपा के नेताओं ने इसे दो कमजोर दलों का गठबंधन की संज्ञा दी।
अभय ने कहा कि इसके बाद गठबंधन की ताकत निरंतर बढ़ने से भाजपा एवं कांग्रेस ने इनेलो को कमजोर करने के प्रयास किए, पर ऐसे लोगों को पहचान कर उन्हें पार्टी से अलविदा करके सदा के लिए उन्हें ही कमजोर कर दिया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन 1987 का इतिहास दोहराएगा। इनेलो-बसपा गठबंधन रक्षाबंधन की तरह मजबूत बंधन है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सत्ता में आने पर किसानों का कर्ज माफ करेंगे, कन्यादान के रूप में लड़की की शादी में 5 लाख रुपए देंगे।
बिजली बिल माफ करेंगे। घरों के बाहर लगे मीटर उखाड़कर घरों के अंदर मीटर लगाएंगे। हर घर में एक रोजगार देंगे। अभय नेकहा कि कुछ समय पहले उनसे किसी पत्रकार ने सवाल किया कि उनके गठबंधन साथी बसपा का निशान हाथी है। हाथी को धुंधला नजर आता है। अभय ने कहा कि इस पर उन्होंने पत्रकार को जवाब दिया कि अब हाथी को चश्मा पहना दिया है और अब यह हाथी सियासत में कांग्रेस एवं भाजपा को रौंदता हुआ चलेगा।
सतलुज यमुना लिंक नहर पर राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए अभय चौटाला बोले यह हमारे हरियाणा की जीवनरेखा है। नहर का पानी आने से हरियाणा की करीब 35 लाख एकड़ बंजर भूमि संवर जाएगी पर मुख्यमंत्री व केन्द्र सरकार इसमें गतिरोध पैदा किए हुए हैं। उन्होंने नहर को लेकर इनैलो के संघर्ष की कहानी भी बयां की।
अभय बोले 10 नवम्बर 2016 को एसवाईएल के मामले में हरियाणा के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट ने निर्णय दिया पर केन्द्र सरकार नहीं चेती। सरकार को चेताने के लिए पहले इनेलो ने पंजाब के शंभु बॉर्डर पर कस्सियां लेकर आंदोलन किया। इसके बाद संसद का घेराव किया। जिलों में जेल भरो आंदोलन चलाए और अब जन अधिकार यात्रा जारी है। नहर के निर्माण को लेकर पंजाब की पटियाला जेल में 6 दिन भी बिताए।
(दीपक शर्मा)