फतेहाबाद : जन नायक जनता पार्टी प्रमुख एवं पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव परिणामों की निराशा को भूल, नये उत्साह के साथ विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य लेकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश में 4 से 47 तक पहुंचने में 40 साल लगे हैं।
अब हरियाणा के विकास के ताले की चाबी जजपा के पास है, जिससे वह विधानसभा चुनाव में स्व देवीलाल के सपनों की सरकार बनाने का काम करेगी। वे आज स्थानीय जाट धर्मशाला में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। दुष्यंत चौटाला ने भाजपा व इनेलो पर तीखे तंज कसे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में बड़ी जीत दर्ज करने वाली भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष आज हार के डर से नयी जमीन तलाशते घूम रहे हैं।
इसी प्रकार जजपा में आए 4 विधायकों को गलत ठहराने वाले इनेलो के विधायक ही आज पार्टी छोड गए। इस बैठक को प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह, पूर्व विधायक रणसिंह बैनीवाल, जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र लेगा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कुलजीत कुलड़िया, पूर्व चेयरमैन होशियार नहला, महिला विंग जिलाध्यक्ष कैलाश रानी, हलकाध्यक्ष जोगेन्द्र पूनिया सरपंच, विजय हरिपाल टोहाना, राकेश सिहाग रतिया, युवा जिला प्रधान अजय संधू, सतपाल पालू, राजेन्द्र बिल्ला, कैप्टन जगजीत सिंह, जगदीश पाहवा, वरिष्ठ नेता पवन चुघ, पूर्ण नारंग, रेखा शाक्या, ममता कटारिया आदि ने मुख्य रूप से संबोधित किया।
– सुनील सचदेवा