नई दिल्ली : हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज बुलाई है। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे जबकि बैठक में सभी महासचिवों को हाजिर होने के आदेश दिए गए हैं।
भाजपा मुख्यालय में होने जा रही इस बैठक में दोनों राज्यों में हुए मतदान के बाद पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार इस बैठक से पूर्व सोमवार देर रात्रि तक हरियाणा और महाराष्ट्र से भाजपा प्रत्याशियों की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट पहुंच जाएगी जिसमें हर जिले में पार्टी उम्मीदवारों के प्रदर्शन पर चर्चा होगी। पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेताओं से भी फीडबैक लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दोनों ही राज्यों में 24 अक्तूबर को रिजल्ट घोषित होगा। पार्टी ने अभी से सभी तरह की तैयारी शुरू कर दी है। हरियाणा व महाराष्ट्र दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है। हरियाणा में भाजपा पहले ही निवर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को अपना मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर मैदान में उतरी थी। भाजपा को हरियाणा में मनोहर लाल सरकार की अच्छी परर्फोमेंस के कारण बहुमत से ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद है।
भाजपा ने हरियाणा में 75 पार क नारा भी दिया था। हरियाणा में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में केन्द्रीय नेताओं ने भी ताबड़तोड़ रैलियां की है। मगर ज्यादा प्रभाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह व मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर की रैलियों का रहा है।