सिरसा : हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाले आठ निर्दलियों में से दो विधायकों को भाजापा की एक सांसद बृहस्पतिवार को दिल्ली ले गईं। सूत्रों ने बताया कि निर्दलीय गोपाल कांडा और रणजीत सिंह को सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल एक चार्टर्ड विमान से दिल्ली लेकर गई हैं।
कांडा और सिंह ने विमान में सवार होने से पहले मीडिया से कहा कि वह उस पार्टी का समर्थन करेंगे जो सिरसा के विकास के लिए काम करेगी। दुग्गल ने दो निर्दलियों को दिल्ली ले जाने पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और सिर्फ इतना कहा कि यह भाजपा का आंतरिक मामला है।
कांडा ने सिरसा से जीत हासिल की है जबकि पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के भाई सिंह रानिया सीट से विजयी हुए हैं।सिंह को कांग्रेस ने टिकट देने से इनकार कर दिया था और उन्होंने निर्दलीय के तौर चुनाव लड़ा था। सूत्रों ने बताया कि सिंह और कांडा अपना समर्थन भाजपा को दे सकते हैं।
हरियाणा में त्रिशंकु विधानसभा आई है, जिसमें भाजपा ने 40, कांग्रेस ने 31, जेजेपी ने 10, निर्दलियों ने आठ और इनेलो ने एक सीट जीती है। राज्य में सरकार बनाने के लिए जादुई आंकड़ा 46 का है।