चंडीगढ़: हरियाणा के हिसार से भाजपा सांसद बृजेन्द्र सिंह के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की शनिवार को पुष्टि हुई। उन्होंने हाल ही में उनसे मिले अपने लोकसभा क्षेत्र के लोगों से जांच कराने और सभी एहतियात बरतने का अनुरोध किया है।
सिंह ने दो दिन पहले बुखार आने पर खुद को घर पर पृथक कर लिया था।
नौकरशाह से नेता बने सिंह ने कहा, ''आज मेरी कोविड-19 जांच रिपोर्ट आई है। दुर्भाग्यवश मैं कोरोना वायरस की चपेट में आ गया हूं। हालांकि, मुझमें इसके हल्के लक्षण हैं। मैंने खुद को घर पर पृथक कर लिया है।'' सिंह अभी दिल्ली में हैं। उन्होंने अपना नमूना जांच के लिये शुक्रवार को भेजा था।