अम्बाला : भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि 12 मई तक मतदान की तारीख नजदीक आते ही विपक्षियों को पता चल जाएगी कि सभी सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत होगी और हरियाणा की 10 की 10 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों प्रत्याशी जीतकर मोदी को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि देश के साथ प्रदेश की जनता जानती है कि भाजपा की सरकार बनने के बाद देश व प्रदेश में भ्रष्टाचार में कमी आई है।
साथ ही जनता ने इस बात को भी समझा, देश के कल्याण के लिए, देश की सुरक्षा के लिए जो भी पॉलिसी बनाई गई वह भाजपा की सरकार में बनी है और ये ही भाजपा की जीत का आधार बनेगी। बराला अंबाला सिटी नारायणगढ़ पर भाजपा नेता मनीष आनंद के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान सुभाषा बराला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मनीष आनंद की तारीफ की और कहा कि वह उन सभी कार्यकर्ताओं को सलाम करते हैं, जिन्होंने गर्मी में इंतजार किया और यह साबित कर दिया वह मोदी के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में जेजेपी और आम आदमी पार्टी में हुए गठबंधन से हरियाणा में कोई फर्क पडऩे वाला नहीं, क्योंकि जींद उप चुनावों में तो जेजेपी प्रमुख दुष्यंत चौटाला चुनाव मैदान में थे और आप का समर्थन था, जनता ने दोनों को नकार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और अन्य पार्टियों से नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। टिकट की चाहत में आने वाले नेताओं के सवाल पर सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले किसी भी नेता के साथ कोई भी वायदा नहीं किया गया, सभी बिना शर्त शामिल हुए हैं।
(राजेन्द्र भारद्वाज)