करनाल : इनेलो ने 18अगस्त को हरियाणा बंद का ऐलान किया है। व्यापारियों और जनता की सुरक्षा, एसवाईएल मुद्दे, कर्मचारियों के साथ सरकार की धोखेबाजी को लेकर इनेलो ने बंद की घोषणा की है। सोमवार को जाट भवन में इनेलो-बसपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष व इनेलो विधायक अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा का व्यापारी इस समय भय के माहौल में है। बदमाशों ने व्यापारियों में खौफ पैदा कर दिया है। आए दिन लूट और व्यापारियों की हत्याओं के मामले सामने आ रहे हैं। सरकार बदमाशों को पकडऩे में नाकाम साबित हुई है। इनेलो व्यापारियों के हक दिलवाने और उन्हें दहशत के माहौल से बाहर लाने के लिए व्यापारियों के साथ खड़ी है। विरोध जताने के लिए 18 अगस्त को हरियाणा बंद का ऐलान किया गया है। अभय चौटाला ने कहा कि करनाल जिला प्रवक्ता हरपाल रोड़ ने अभी बताया कि सीएम सिटी में जंतर मंतर से ज्यादा प्रदर्शन हो रहे हैं। अभय चौटाला ने कहा कि मैंने एक वीडियो देखी है जिसमें मुख्यमंत्री एक व्यक्ति को यह कहकर धमका रहे हैं कि तुम्हे किस बात की नौकरी चाहिए हट्टे कट्टे हो कुछ काम कर लो।
अभय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री के चेहरे से नकाब उतर चुका है। जनता बदला लेने के लिए तैयार है। अभय चौटाला ने कहा कि सीएम को शर्मसार करने वाले बहादुर इंसान को उनका संदेश है कि इनेलो-बसपा की सरकार आने पर पहली कलम से नौकरी देने का काम करेंगे। अभय चौटाला ने कहा कि शुगर मिल के नवीनीकरण और किसानों के गन्ने की पेमेंट को लेकर विधानसभा में सरकार को घेरा जाएगा। इस मौके पर बसपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा कि गठबंधन अटूट है। हरियाणा में बसपा-इनेलो गठबंधन सभी ९० सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाएगा। इनेलो प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा छोडक़र जो कार्यकर्ता आज इनेलो में शामिल हुए हैं। उनका पूरा सम्मान किया जाएगा। इनेलो में हर कार्यकर्ता की कद्र होती है।
हरियाणा में 87 का इतिहास दोहराएगी जनता : अभय
इस अवसर पर बसपा प्रदेश प्रभारी एडवोकेट गुरमुख सिंह, इनेलो प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा, बसपा प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश भारती, जिला प्रधान यशवीर राणा, बसपा जिला प्रधान रामदास कर्णवाल, पूर्व विधायक मामूराम, नरिंद्र सांगवान, जिला प्रवक्ता हरपाल रोड़, बृज शर्मा, हलका प्रधान इंद्रजीत गोराया, कृष्ण कुटेल, सोहनलाल गुप्ता, गुरदेव रंबा, धर्मवीर पाढा, अशोक मित्तल, ओमप्रकाश सलूजा, रघुबीर कुटेल, रणबीर पाल, प्रकाश कौर, जयप्रकाश कांबोज, फूल सिंह मंजूरा, सोनिका गिल, सतीश बलहारा, सुमेर डींगर माजरा, नरेश फोर, जयपाल पूनिया, संतोषा यदव, अंकित डाबर, नरिंद्र सिंधड़ मौजूद रहे।
– हरीश चावला