करनाल : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को स्थानीय मॉडल टाउन स्थित वाल्मीकि मंदिर में पहुंचकर गत दिवस रामनगर के एक मकान में सोफा फैक्टरी में लगी आग की घटना में मृतक के परिजनों को सांत्वना दी और कहा कि यह असहनीय दुख है। सीएम ने कहा कि ईश्वर परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। बता दें कि इस घटना में मृतक पूजा रानी के पति राजकुमार रामनगर में किराये के मकान में रहता था। इसी मकान के नीचे सोफा बनाने की फैक्ट्री थी, जिसमें बीते गुरूवार को आग लग गई थी।
आगजनी की इस घटना में राजकुमार की पत्नी पूजा रानी, बेटी सुहाना व परी की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मृतक पूजा रानी तथा उसकी दोनों बेटी सुहाना व परी की मौत को एक बहुत बड़ी दर्दनाक घटना बताया और गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने मृतक के पति राजकुमार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस घटना से परिवार को बहुत बड़ी क्षति हुई है। जिसकी कभी भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि इस घटना के कारण इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दुख की इस घड़ी में सरकार की संवेदना इनके साथ है और हर संभव सहायता की जाएगी। इस मौके पर हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य आजाद सिंह, राजेश वैद, अशोक परोचा, अमरजीत, बलबीर चौहान, राजपाल सारसर, गीता परोचा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री से पीडि़त परिवार की स्थिति के बारे में अवगत कराया और कहा कि इस परिवार को ज्यादा से ज्यादा आर्थिक मदद तथा रोजगार की जरूरत है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।