चंडीगढ़: सतलुज यमुना लिंक नहर के निर्माण के संदर्भ में हरियाणा के हितों की रक्षा के दृष्टिगत मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री से मुलाकात करने वालों में केंद्रीय इस्पात बीरेंद्र सिंह, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ मौजूद रहे। इसके अलावा भिवानी से सांसद धर्मवीर सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, भाजपा अनुशासन समिति के सदस्य प्रोफैसर गणेशी लाल, हरियाणा के मुख्य सचिव डी. एस. ढेसी तथा केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय के सचिव डॉ. अमरजीत सिंह भी मौजूद रहे।
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया को बताया कि एसवाईएल के संदर्भ में वीरवार को सर्वोच्च न्यायालय में होने वाली सुनवाई के दृष्टिगत आज केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय नितिन गडकरी से मुलाकात कर हरियाणा के प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश का पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि गडकरी ने इस संदर्भ में पूरी तरह से हरियाणा के हितों की रक्षा का विश्वास दिलाया है। मीडिया द्वारा किए गए एक प्रश्न पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि प्रथमतया सतलुज-यमुना लिंक नहर के निर्माण का विषय है। एसवाईएल नहर का निर्माण हो जाए तो पानी से संबंधित विषय का निपटान परस्पर बातचीत से कर लिया जाएगा।
पंजाब में नई सरकार के संदर्भ में मीडिया द्वारा किए गए प्रश्न पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रश्न किसी राजनैतिक दल विशेष का नहीं है। विपक्षी दलों को साथ लेने के संदर्भ में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी राजनैतिक दलों को साथ लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं। हमने सर्वदलीय बैठक की है, राष्ट्रपति से मुलाकात की है और केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा है।
(आहूजा)