चंडीगढ़, रोहतक : हरियाणा में लोकसभा के लिए दो दिन पहले हुए मतदान के दौरान कई तरह की अनियमितताएं सामने आ रही हैं, जिसके चलते विपक्षी दल कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा को निशाने बनाते हुए केंद्रीय चुनाव आयोग तथा हरियाणा के मुख्य चुनाव आयुक्त को शिकायतें भेजी हैं। इस मामले में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर तथा आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने पहल करते हुए शिकायतें भेजी हैं। लगभग सभी शिकायतों में सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधा गया है, लेकिन साथ ही भाजपा ने भी कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि हार की बौखलाहट में कांग्रेस अनर्गल आरोप लगा रही है।
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने केंद्रीय चुनाव आयोग को एक पत्र लिखकर हरियाणा के राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि ग्रोवर ने अपने पद का दुरूपयोग करते हुए एक अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति के साथ मिलकर रोहतक में आधा दर्जन बूथों पर कैप्चरिंग का प्रयास किया है।
आजाद ने अपने पत्र में कहा कि भाजपा के मंत्री ने मतदाताओं को धमकाने का प्रयास किया है। मंत्री के साथ अपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों ने सामान्य आदमी पर प्रभाव डालने का प्रयास किया है, जिसके चलते मंत्री के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से जानबूझकर वोट का अधिकार छीनने का आरोप लगाया है। हुड्डा ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि आज सुबह रोहतक जिला से संबंधित कुछ कर्मचारी उनसे मिले।
इन कर्मचारियों की 12 मई को चुनाव डयूटी लगाई गई थी। हुड्डा ने बताया कि उक्त कर्मचारियों को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों ने ई.डी.सी. (इलैक्शन ड्यूटी सर्टीफिकेट) जारी नहीं किया गया हालांकि उन्होंने ई.डी.सी. जारी करने बारे ऑनलाइन आवेदन कर दिया था। केवल कुछ कर्मचारियों को ही यह सर्टीफिकेट जारी किया गया। अधिकतर कर्मचारियों को यह सर्टीफिकेट जारी ही नहीं किया गया, जिस कारण वह अपने वोट के अधिकार का उपयोग नहीं कर सके।
हुड्डा ने भाजपा सरकार पर जानबूझ कर इस तरह के घटनाक्रम को अंजाम दिए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन कर्मचारियों को इलैक्शन डयूटी सर्टीफिकेट जारी न करवाकर उन्हें वोट के अधिकार से वंचित कर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने हरियाणा के मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजी एक शिकायत में रानियां ब्लाक के गांव मंगाला के सरपंच पर आचार संहिता की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने मतदान केंद्र के भीतर भी भाजपा का प्रचार किया है। उन्हें पद से निलंबित किया जाए।
करनाल लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लडऩे वाले विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने करनाल के कई केंद्रों पर रखी गई ईवीएम को संदिगध बताते हुए दोबारा मतदान की मांग की है। फरीदाबाद लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अवतार भड़ाना ने भाजपा मंत्री के इशारे पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से भाजपा प्रत्याशी के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है।
(राजेश/कथूरिया)