चंडीगढ : हरियाणा में कांग्रेस नागरिकता संशोधन कानून को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाने की तैयारी में है। हालांकि भाजपा और उसके सहयोगी संगठन पहले ही इसके समर्थन में रैलियां आयोजित कर रहे है। हाल में सोनीपत, गोहाना, खरखौदा पानीपत पंचकूला में कानून के समर्थन में रैलियां और सेमिनार जैसे आयोजन कर कांग्रेस एवं अन्य विपक्षियों के प्रचार को खारिज किया गया।
बैठक में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष शैलजा अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा करेगी। कांग्रेस ने नागरिकता संशोधन कानून के मुद्दे को लेकर समूचे हरियाणा में राजनीतिक माहौल गरमाने की रणनीतितैयार करने के लिए आगामी 28 दिसम्बर को चंडीगढ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की बैठक बुलाई है। उसी दिन चंडीगढ में इस कानून के विरोध में मार्च का आयोजन कर समूचे हरियाणा को संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
चंडीगढ में भी प्रदेश भाजपा ने पहले ही बुद्धिजीवियों के सम्मेलन आयोजित कर कानून पर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया है। इतना ही नहीं चंडीगढ प्रदेश भाजपा ने कानून के समर्थन में मार्च का आयोजन किया और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी कानून के समर्थन में पत्र चंडीगढ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन को सौंपे है।