हिसार: मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैविक खेती उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन किया। 139 एकड़ में विकसित होने वाले इस केंद्र में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों के लिए प्रशिक्षण केंद्र खोला जाएगा और जैविक खेती की नई तकनीक विकसित की जाएंगी। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने राजगढ़ रोड पर हकृवि के 58 लाख रुपये की लागत से तैयार नवनिर्मित स्वर्ण जयंती द्वार का भी लोकार्पण किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, हिसार मंडल आयुक्त राजीव रंजन, उपायुक्त निखिल गजराज व हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय जैविक खेती उत्कृष्टता केंद्र का शुभारंभ उनके प्रति सच्चे श्रद्धासुमन हैं।
उन्होंने कहा कि दुनिया के लिए जैविक खेती भले ही नई तकनीक हो, लेकिन हमारे देश में परंपरागत रूप से जैविक खाद पर आधारित खेती होती आई है। इस अवसर पर एडीजीपी ओपी सिंह, आईजी सीआईडी अनिल कुमार राव, पुलिस अधीक्षक मनीषा चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री आशा रानी खेदड़ सहित भाजपा नेता, पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद थे।
– राज पराशर