सिरसा : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने केंद्र सरकार पर लोकसभा चुनावों में देरी करने का आरोप लगाया है। आज अपने निवास पर कार्यकर्ताओं से बातचीत के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए अशोक तंवर ने कहा कि चूंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई परियोजनाओं का शिलान्यास करना था इसीलिए आचार संहिता लगाने में देरी की जा रही है। पहले यह 2 से 5 मार्च तक होनी चाहिए थी लेकिन अब यह 15 मार्च तक होनी संभावित है।
उन्होंने कहा कि तानाशाही रवैया अपनाकर संवैधानिक संस्थाओं को बीजेपी कमजोर कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने बूथ स्तर पर अपने को मजबूत किया है और आने वाले चुनावों में कांग्रेस दृढ़ता से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों की घोषणा होने के साथ ही कांग्रेस अपने लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी। बूथ कमेटियां गठित हो चुकी हैं और बूथ स्तर पर सक्रिय तौर पर काम हो रहा है। विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं में चल रहे विवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा का बस चले तो यह लोकतंत्र को ही खत्म कर दे और देश में तानाशाही कायम कर दे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आज देश में कर्मचारी, व्यापारी, दलित, पिछड़े, मजदूर, गरीब, महिलाएं, युवा सब बदलाव के मूड में है। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा की सीएम से मुलाकात पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि ये जनता का भला करने वाले लोग नहीं बल्कि षडय़ंत्रकारी लोग हैं। पहले भी ये ए और बी टीम के रूप में कार्य करते रहे हैं। जनता को इनकी विभाजनकारी नीतियों का पता चल चुका है और भविष्य में राहुल गांधी और कांग्रेस के पक्ष में वोट करने का काम जनता करेगी। डॉ. तंवर ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर ही समाधान करवाया।
विभिन्न संगठनों ने पेंशन बहाली की मांग को लेकर भी उनसे मुलाकात की और हरियाणा प्रदेश के चुनावी घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन की बहाली की मांग को शीर्ष पर रखने का आग्रह किया गया। तंवर ने कहा प्रत्याशियों के फैसले पर गंभीरता से मंथन चल रहा है और जल्द ही सूची जारी की जाएगी।