रेवाड़ी : लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी सुप्रीमो एवं कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी पर हुए कातिलाना हमले के आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा सांसद को जेड प्लास सुरक्षा दिए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सड़क पर उतर आएं। स्थानीय जिला सचिवालय के निकट पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पार्टी जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव के नेतृत्व में धरना दिया तथा प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री के नाम उपायुक्त को मांगों का ज्ञापन भी सौंपा।
इस मौके पर धरनारत पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व समर्थकों को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डा. सतीश यादव ने कहा कि सांसद राजकुमार सैनी पर हुए कातिलाना हमले के विरोध में प्रदेशभर में जिला स्तर पर यह धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हथीन में सांसद पर हमले का यह कोई नया मामला नहीं है। इससे पहले भी उन पर कई बार इस तरह के हमले हो चुके हैं। जिसे लेकर प्रधानमंत्री से सुरक्षा की मांग भी की जा चुकी है, लेकिन आज तक सरकार ने उस पर कोई गौर नहीं किया। जिसके चलते पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में भारी रोष बना हुआ है।
सांसद राजकुमार सैनी लोकसभा सीट से त्यागपत्र देकर दोबारा जनादेश लें : बराला
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का भला केवल सांसद राजकुमार सैनी ही कर सकते हैं। जिसे जनता भली-भांति समझ भी चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही राजकुमार सैनी को जेड सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई तो पार्टी कार्यकर्ता बड़ा आंदोलन छेडऩे को मजबूर होंगे। जिसके लिए सरकार पूरी तरह जिम्मेदार होगी। इस मौके पर इनेलो की खिंचाई करते हुए कहा कि वैसे तो यह उनका घरेलू मामला है। जिससे उनका या उनकी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। मगर फिर भी इससे प्रदेश की राजनीति में खास असर देखने को मिलेगा और इनेलो के लिए यह एक बड़ा झटका भी कहा जा सकता है।
– शशि सैनी