चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार के साथ ही भाजपा संगठन के कामकाज को लेकर सीएम मनोहर लाल की पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह साथ लंबी बातचीत हुई है। म़लाकात के बाद जो बात निकल आई है उसमे मुख्य बात यही है कि पार्टी ग्रामीण क्षेत्र में अपने को कैसे मजबूत करे।
नई दिल्ली में दोनों ने अनेक बिंदुओं पर चर्चा की। इस दौरान प्रदेश के राजनीतिक हालात पर विचार-विमर्श किया गया। चार दिन पहले ही बीरेंद्र सिंह की अमित शाह से मुलाकात हुई थी। सीएम और बीरेंद्र की मुलाकात को वर्तमान परिपेक्ष्य में काफी अहम माना जा रहा है। प्रदेश भाजपा को आगामी एक माह के भीतर नया अध्यक्ष मिलना है।
सबसे उपयुक्त चेहरा पार्टी के लिए कौन हो सकता है और किसके नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाए, सूत्रों के अनुसार इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई है। इसके अलावा सीआईडी विवाद और जजपा के भीतर मचे घमासान को लेकर भी मंथन हुआ है। सुभाष बराला की जगह किसी जाट चेहरे को ही जिम्मेदारी सौंपी जाए या फिर नॉन जाट चेहरे पर दांव लगाया जाए, भाजपा के भीतर इसे लेकर मंथन चल रहा है।