चंडीगढ : हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल के नेता और ऐलनाबाद के विघायक चौधरी अभय सिंह चौटाला ने सोमवार को प्रदेश की भाजपा-जजपा गठबन्धन सरकार को आडे हाथ लेते हुए कहा कि इस सरकार ने हरियाणा को नशे के प्रसार के मामले में नम्बर एक पर पहुंचा दिया है। दूसरी ओर किसान फसल का सही मूल्य न मिलने से संकट में है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह ने कहा कि इस सरकार ने समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें बढाने का काम किया है।
नशे के प्रसार में पंजाब तो पहले स्थान से सातवें पर आ गया लेकिन जो हरियाणा नशे के नजरिए से कही था ही नहीं वह पहले स्थान पर आ गया है। इस सरकार ने युवाओं को नशे की लत लगा दी ताकि उन्हें रोजगार न देना पडे। चौटाला ने कहा कि प्रदेश का किसान संकट में है। पहले तो धान की खरीद में तीन सौ रूपए प्रति क्विंटल तक कम दिया गया तो अब गन्ने की खरीद नहीं की जा रही। किसान को इस हालत के चलते अपना गन्ना जलाना पड सकता है।
हरियाणा में गन्ने की खरीद न होने से किसान अपना गन्ना उत्तर प्रदेश बेचने जा रहे है। उत्तर प्रदेश के चीनी मिल मालिकों पर हरियाणा के किसानों के गन्ने का सैकडों करोड बाकी है। इंडियन नेशनल लोकदल के कमजोर होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत बरकरार है। नेताओं के पार्टी छोड जाने का सिलसिला तो चौधरी देवीलाल के जमाने से ही चला आ रहा है।