कुरुक्षेत्र : थाना शहर के अंतर्गत मोहन नगर में पिता द्वारा लाइसैंसी रिवाल्वर से बेटी को गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। बेटी की जान लेने के बाद हत्यारा पिता मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में बेटी के हत्यारे पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पानीपत के गांव अलीपुरा के रहने वाले राजीव कुमार पिछले काफी दिनों से मोहन नगर में रहते हैं। उनका सैक्टर-4 निवासी रवि मैहला के साथ साझा कारोबार है। रवि मैहला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे शुक्रवार को दोपहर बाद राजीव के घर से फोन आया कि राजीव की लड़की रूबल गंभीर रूप से घायल है।
सूचना मिलने पर जब रवि मैहला घर पहुंचा तो लड़की रूबल फर्श पर लेटी हुई थी। उसके शरीर से खून निकल रहा था। रूबल की मां बेसुध बैड पर लेटी थी। रवि मैहला ने रूबल की मां को उठाने की काफी कोशिश की। इसके बाद रवि मैहला घायल रूबल को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में ले गया, जहां चिकित्सकों ने रूबल को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार रवि मैहला ने शिकायत में बताया है कि लड़की रूबल के पिता राजीव ने अपने लाइसैंसी रिवाल्वर से रूबल के ऊपर गोलियां चलाई। जिसके बाद गोलियां लगने से रूबल की मौत हो गई। शिकायत में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने रूबल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल भिजवाया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी पिता फरार है। शनिवार को पुलिस ने रूबल के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। इस बारे में जब थाना शहर प्रभारी जसपाल सिंह से जब बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने आया है कि रूबल पढ़ाई में कमजोर थी।
(रामपाल शर्मा)