हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल ने कहा है कि राज्य के गन्ना किसानों की बकाया राशि का पूरा भुगतान आगामी 10 जुलाई तक कर दिया जाएगा। डॉ लाल ने हरियाणा राज्य सहकारी चीनी मिल प्रसंघ (शुगरफेड) के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में आज यहां यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हाल ही के पिराई सीजन 2020-2021 के दौरान सहकारी चीनी मिलों ने 429.35 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की है जिसकी कुल राशि 1500.83 करोड़ बनती है जिसमें से 1082.16 करोड़ रूपए की राशि गन्ना किसानों को दी जा चुकी है तथा शेष राशि आगामी 10 जुलाई तक अदा कर दी जाएगी।
सहकारिता मंत्री ने अच्छा काम करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुये कहा कि कार्य प्रणाली में लगातार सुधार लाने की आवश्यकता हैं ताकि कम खर्च में मिलों को चलाने का काम किया जा सके। उन्होंने कहा कि मिलों में रखरखाव और मरम्मत का जरूरी कार्य ही किया जाए ताकि कम खर्च में ही मिलें संचालित की जा सकें।
मिलों को घाटे से उभारने के साथ इन्हें लाभ की स्थिति में भी लाना है। उन्होंने बताया कि गत सीत्रन 2020-21 में 429.17 लाख क्विंटल गन्ना जबकि सीजन 2019-20 में 371.86 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई की गई थी। पिराई सीजन 2020-21 में 41.97 लाख क्विंटल चीनी और 2019-20 में 37.41 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया गया था।
इसी तरह दोनों पिराई सीत्रन में क्रमश: 36.08 करोड़ रूपए की 7.53 करोड़ यूनिट तथा 32.19 करोड़ रूपए की 6.83 करोड़ यूनिट बिजली का उत्पादन कर इसे बेचा गया। महम, कैथल और पलवल की सहकारी चीनी मिलों ने 2020-21 पिराई सीजन में 630.16 क्विंटल गुड़ का उत्पादन भी किया।