चंडीगढ़ : लगातार भारी बारिश की वजह से प्रदेश में लाखों एकड़ फसल खराब हो गई है। इस खराब फसलों पर चिंता व्यक्त करते हुए नेता विपक्ष अभय सिंह चौटाला ने सरकार से खराबे का आंकलन करने के लिए तुरंत गिरदावरी करवाने की मांग की। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि सरकार खराबे की एवज में किसानों को कम से कम प्रति एकड़ 25,000 रुपए मुआवजा दे। नेता विपक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां किसान और कमेरे वर्ग के आर्थिक आधार को कमजोर करने वाली है जिसके कारण आज प्रदेश का किसान कर्ज की मार झेल रहा है।
पिछले दिनों हुई भारी बारिश में किसानों की कमर तोड़ दी है। इसलिए इनेलो मांग करती है कि प्रदेश में जितने भी किसान कर्जाई हैं उनका एक साल का ब्याज माफ किया जाए। वहीं, इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने किसानों के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हुए कहा कि जितना नुकसान किसान की फसल का खेत में हुआ है उतना ही नुकसान मंडियों में बिक्री के लिए गई फसल का पानी में भीगने की वजह से भी हुआ है जिसकी मार किसान के साथ-साथ व्यापारी वर्ग पर भी पड़ी है।
देवीलाल की कर्मभूमि के लोगों का रैली में रहेगा अहम रोल : अभय चौटाला
उन्होंने कहा कि सरकार इस नुकसान का भी जायजा ले और किसानों व व्यापारियों के नुकसान की भरपाई करे। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने यह भी कहा कि मंडियों मे शेड बनाने की शुरुआत चौधरी ओमप्रकाश चौटाला की सरकार के दौरान बड़े पैमाने पर किया गया था ताकि मंडियों में शेड के अभाव में किसान की फसल को मौसम की मार न झेलनी पड़े।
(आहूजा)