गुरुग्राम : प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल का औचक दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने गुरुग्राम को जल्द 500 बेड का नया अस्पताल देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। जिला नागरिक अस्पताल की इमारत इसीलिए जल्दी खाली कराई गई है ताकि नई इमारत बनाई जा सके।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने अस्पताल की इमारत पर ध्यान नहीं दिया जिससे यह पूरी तरह से जर्जर हो गई। अब सरकार ने नई अस्पताल के निर्माण के आदेश दे दिए हैं। जल्द ही नई इमारत का नक्शा तैयार किया जाएगा, जिसमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। गुरुग्राम की जनसंख्या के हिसाब से पहले ही अस्पताल बनाने की योजना बना ली गई थी। स्वास्थ्य सेवाएं शिफ्ट होने से अभी मरीजों को परेशानी हो रही है।
जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा। इस दौरान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सूरजपाल अम्मू, सिविल सर्जन डॉ. बीके राजौरा, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुशीला कटारिया, डॉ. सुनीता राठी, डॉ. मनीष राठी व डॉ. संजय नरुला उपस्थित थे।
विजिलेंस जांच : 2010 में अस्पताल इमारत की मरम्मत करने के लिए 16 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन बेहतर मरम्मत नहीं होने के कारण स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने वर्ष 2015 में विजिलेंस जांच के आदेश दिए थे। अब तक जांच पूरी नहीं हुई है। शुक्रवार को जांच के संबंध में जानकारी हासिल करने के लिए मंत्री ने पुलिस महानिदेशक (विजिलेंस) से फोन पर चर्चा की।
– अजय तोमर