हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की गठबंधन सरकार में आज यानी मंगलवार को मंत्रिपरिषद में दो मंत्रियों को जोड़ा गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार करते हुए भाजपा और जेजेपी के एक-एक विधायक को इसमें शामिल किया।
संस्कृत और हिंदी में ली शपथ
दो साल में किये गये दूसरे विस्तार में हिसार से भाजपा के विधायक डॉ. कमल गुप्ता और टोहाना से जजपा के विधायक देवेंद्र सिंह बबली को मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने यहां हरियाणा राजभवन में आयोजित एक समारोह में उन्हें शपथ दिलाई। गुप्ता ने संस्कृत में शपथ ली, जबकि बबली ने हिंदी में शपथ ली।
BJPऔर JJP के इतने विधायक है मंत्री
इस मौके पर खट्टर और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित अन्य मौजूद थे। दो विधायकों के शपथ लेने के बाद, मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद में सदस्यों की संख्या 14 हो गयी, जोकि ऊपरी सीमा भी है। मंगलवार को हुए मंत्रिपरिषद विस्तार के बाद, भाजपा के मुख्यमंत्री सहित 10 मंत्री हैं और जजपा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित तीन मंत्री हैं, जबकि रंजीत सिंह चौटाला मंत्री के रूप में शामिल एकमात्र निर्दलीय विधायक हैं।
जोड़तोड़ से बनाई थी भाजपा ने सरकार
बता दें कि अक्टूबर 2019 के चुनाव में भाजपा को राज्य विधानसभा की 90 सीटों में से 40 सीट मिली थीं, लेकिन बहुमत नहीं मिला था। बाद में उसने जजपा के साथ चुनाव बाद गठबंधन किया, जिसके 10 विधायक हैं। भाजपा ने जजपा विधायकों और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से राज्य में सरकार बनाई थी।