देश में लगातार ईंधनों के दामों में हो रही बढ़ोतरी ने आम आदमी की मुश्किलें बड़ा दी है। हरियाणा कांग्रेस ने आज तेल, गैस मूल्य वृद्धि व आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने के विरोध में राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान किया। जिसका नेतृत्व विवेक बंसल द्वारा किया गया।
हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल ने कहा है कि महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी से त्रस्त जनता अब केंद्र व राज्य सरकार को अर्श से फर्श पर लाकर पटकेगी। उन्होंने कहा कि जो सरकार गरीबों की नहीं सुनती, जिस सरकार ने अन्नदाता को पीड़ित किया, शोषित किया वह सरकार रक्षक नहीं भक्षक है। तेल, गैस मूल्य वृद्धि व आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने के विरोध में आज सरकार के खिलाफ कांग्रेस के प्रदेशव्यापी अभियान का नेतृत्व विवेक बंसल ने किया।
उन्होंने हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा व वरिष्ठ नेता किरण चौधरी के साथ चरखी दादरी में बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रदर्शन के दौरान जनता कालेज स्टेडियम से लेकर शहर के बीचों बीच होते हुए निकाली गई यात्रा में बड़ी संख्या में साइकिलों के साथ बैलगाड़ियां शामिल थीं।
विवेक बंसल ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोलते हुये कहा कि कि पूरा देश महंगाई को लेकर त्राहि त्राहि कर रहा है लेकिन प्रधानमंत्री को जनता के कष्ट दिखाई नहीं दे रहे। कोरोना काल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों के लिए आक्सीजन नहीं थी, अस्पतालों में बेड नहीं थे, असहाय मरीज सड़कों पर दम तोड़ रहे थे लेकिन मोदी जी का ध्यान केवल बंगाल की सत्ता हथियाने के हथकंडों पर था।
इस अवसर पर कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस महंगाई, गरीबी, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी से पीड़ित जनता की आवाज बनेगी। आम आदमी, बहनों, गरीबों, बेरोजगारी के दर्द को आवाज कांग्रेस ही देगी। जनता हमारी ओर देख रही है। अगली सरकार जनता की होगी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के एक इशारे पर हम सब सड़कों पर उतर आए हैं ताकि जनता के हितों की रक्षा कर सकें।
उनके अनुसार क्या कभी किसी ने सोचा था कि पेट्रोल के दाम सौ रुपये से अधिक हो जाएंगे। यह सरकार की घोर जनविरोधी नीति का परिणाम है। गरीब बर्बाद हो रहा है, उसका राशन कार्ड नही बन रहा, गृहिणी को रसोई चलानी मुश्किल हो गई, किसान कर्ज में डूब गया। जनता के सवालों से डर कर ही सब बिलों में घुस गए।
कांग्रेस विधायक दल की पूर्व नेता एवं तोशाम से विधायक किरण चौधरी ने कहा कि इतने कम समय के नोटिस पर इतनी भीड़ जुटने का स्पष्ट संकेत है कि सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। महंगाई से तंग गृहिणी सरकार को कोस रही है। सरकार ने गरीबों, किसानों,कर्मचारियों को बर्बाद कर दिया। इस सरकार ने हर वर्ग को ठगा है। भाजपा का नाम अब बहुत झूठी पार्टी हो गया।